एआई आधारित होगा आने वाला समय,आईटी हब होगा विश्वविद्यालय : कुलपति
अम्बिकापुर,०8 मई 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में हैंड्स ऑन प्रैक्टिस ऑन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों,शोधार्थियों और तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की सबसे प्रभावशाली तकनीकों में से एक है और आने वाला समय पूरी तरह एआई आधारित होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिकांश कक्षाओं की शिक्षण व्यवस्था एआई ड्रिवन हो सकती है तथा विश्वविद्यालय केवल शिक्षा केंद्र न रहकर आईटी हब के रूप में विकसित होंगे। कुलपति ने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को सीखने, डिजिटल कौशल विकसित करने तथा शोध और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकता बन चुकी है और तकनीकी रूप से सक्षम युवा ही आगे सफलता प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य विशेषज्ञ के रूप में प्रो. आलोक कुमार कुशवाहा ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीकी विकास के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ्रएआई शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और व्यवसाय सहित कई क्षेत्रों में तेजी से बदलाव ला रहा है। वहीं दूसरे विशेषज्ञ डॉ. मोहन राव मामडीकर ने ‘फ्रॉड डिटेक्शन बाय मशीन लर्निंग’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी रोकने में मशीन लर्निंग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एआई आधारित तकनीकों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर धोखाधड़ी को रोका जा सकता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से तकनीकी विषयों पर चर्चा कर नई जानकारियां प्राप्त कीं। समापन अवसर पर कुलपति ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और विशेषज्ञों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर कुलसचिव ने विद्यार्थियों से अध्ययन और शोध कार्यों में एआई के उपयोग को बढ़ाने की बात कही। उन्होंने विश्वविद्यालय में एआई आधारित सर्टिफिकेशन कोर्स शुरू करने की आवश्यकता भी बताई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur