34 रुपए लाख की लागत से होगा धार्मिक स्थल का कायाकल्प
अम्बिकापुर 08 मई 2026 (घटती-घटना)। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आज अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में शनि मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं छठ घाट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जनसुविधाओं को नई दिशा देने वाला साबित होगा। लगभग 34 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले इस कार्य के अंतर्गत शनि मंदिर तालाब का सौंदर्यीकरण, परिसर का व्यवस्थित विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। इससे न केवल धार्मिक आयोजनों एवं पर्वों के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता, सौंदर्य एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनआस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा,स्वास्थ्य और धार्मिक-सांस्कृतिक अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कृति को जीवित रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी होते हैं। शनि मंदिर तालाब एवं छठ घाट के विकसित होने से क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर छठ पर्व मनाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण प्राप्त होगा।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि उनका संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और अंबिकापुर निरंतर प्रगति एवं विकास के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी विकास कार्यों में सहभागिता निभाने और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur