Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा संभाग में कृषि विकास को नई दिशा,एपीसी समीक्षा बैठक में बने बड़े प्लान…

Share


रबी 2025-26 की समीक्षाः खरीफ 2026 की रणनीति तय फसल विविधीकरण,जल संरक्षण और ई-उर्वरक प्रणाली पर जोर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 मई 2026 (घटती-घटना)। कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार की अध्यक्षता में जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में सरगुजा संभाग स्तरीय एपीसी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा के साथ खरीफ वर्ष 2026 के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक की शुरुआत में सभी जिलों के कलेक्टरों ने रबी सीजन की उपलब्धियों और योजनाओं के क्रियान्वयन पर एजेंडा-वार प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए आगामी रणनीति पर चर्चा की।
फसल विविधीकरण पर विशेष जोर
कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि सरगुजा संभाग में कृषि की अपार संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर उपयोग करने की जरूरत है। उन्होंने दलहन,तिलहन,प्राकृतिक खेती और उद्यानिकी के माध्यम से फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। किसानों को पारंपरिक धान फसल के साथ अन्य फसलों की ओर प्रेरित करने और धान के रकबे को कम कर वैकल्पिक फसलों का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
ई-उर्वरक वितरण प्रणाली होगी लागू : खरीफ 2026 से नई ई-उर्वरक वितरण प्रणाली लागू करने पर चर्चा हुई, जिसके तहत एग्रीस्टेक में दर्ज फसल और रकबे के आधार पर उर्वरकों का वितरण किया जाएगा। आयुक्त ने सभी किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उड़नदस्ता दल गठित करने, विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नकली खाद और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के लिए भी कहा गया।
किसानों को जागरूक करने पर जोर
शिविरों के माध्यम से किसानों को उर्वरकों के सही उपयोग और वैकल्पिक स्त्रोत जैसे हरी खाद, जैव उर्वरक और नील हरित काई के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम किसान योजना के तहत फार्मर आईडी निर्माण, लाभ से वंचित किसानों के पंजीयन, निर्यात योग्य धान की किस्मों के विस्तार तथा विकसित कृषि संकल्प अभियान (खरीफ 2026) के क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा सहित विभिन्न जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जल संकट को देखते हुए बदलेगा कृषि एजेंडा
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कृषि का एजेंडा भी बदलना जरूरी है। भूजल स्तर में गिरावट और पानी की कमी को देखते हुए जल संरक्षण के उपायों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
पशुपालन,मत्स्य व उद्यानिकी को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने की बात कही गई। पशुपालन में चारा उपलब्धता और नस्ल सुधार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वहीं नाशपाती, लीची और कटहल जैसे स्थानीय फलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@बतौली मेन मार्केट में दिनदहाड़े चोरी,1.70 लाख रुपए पार

Share दुकानदार को बातों में उलझाकर वारदात,सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी -संवाददाता-अम्बिकापुर,06 मई 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply