संकल्प भवन से महामाया चौक तक गूंजे नारे…आतिशबाजी कर मनाया उत्सव
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 मई 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सरगुजा द्वारा ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में जिला कार्यालय संकल्प भवन से भव्य विजय रैली निकाली गई। जिला अध्यक्ष निशांत सिंह (सोलू) के नेतृत्व में निकली इस रैली को भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह भामरा एवं जन्मेजय मिश्रा ने भाजपा का ध्वज दिखाकर रवाना किया।
जोश और उत्साह से लबरेज कार्यकर्ताओं की यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महामाया चौक पहुंची, जहां आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पार्टी की जीत पर खुशी जाहिर की। भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में दर्ज की गई प्रचंड जीत का उत्साह अंबिकापुर में भी साफ दिखाई दिया। प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर प्रदेशभर में विजय रैलियां आयोजित की जा रही हैं, इसी कड़ी में सरगुजा में भी यह आयोजन हुआ। रैली को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष निशांत सिंह ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन और भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत किया। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव परिणाम यह दर्शाते हैं कि देश की युवा शक्ति और आम जनमानस सुशासन एवं विकास के साथ खड़ा है।
इस ऐतिहासिक जीत से छत्तीसगढ़ का युवा उत्साहित है और भविष्य में संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प ले रहा है। रैली में प्रिया सिंह, दीक्षा अग्रवाल, अंकित जायसवाल, विकास शुक्ला, शानू कश्यप, अमोघ कश्यप, अनीश सिंह, अविनाश मंडल,शुभम अंबष्ट (ऋषु),अभिषेक सिंह (पिंटी),रवजोत सिंह,शुभम सिंह भदौरिया, आशुमल गर्ग,अनुराग शुक्ला,सौरभ मिश्रा, प्रीतेश दुबे,आदित्य गौतम,अभिषेक माथुर, शैलेन्द्र चौबे,प्रिंस तिवारी,निमेश दुबे,सुधांशु चौबे एवं आयुष दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur