

- जर्जर रास्तों से मुक्ति की ओर, सोनहत–कछाड़ी मार्ग पर विकास की रफ्तार तेज
- गांव से शहर तक सीधी राह,सोनहत–कछाड़ी सड़क से बदलेगी क्षेत्र की तकदीर
- जनसंघर्ष का परिणाम,सोनहत–कछाड़ी सड़क निर्माण से ग्रामीणों में उत्साह
- 16 किमी सड़क बनेगी जीवनरेखा,सोनहत से सूरजपुर तक आसान होगा सफर
-राजन पाण्डेय-
सोनहत/कोरिया,05 मई 2026 (घटती-घटना)। वर्षों से उपेक्षा और जर्जर हालत की मार झेल रहे सोनहत-कछाड़ी मार्ग पर अब विकास की रफ्तार साफ नजर आने लगी है, स्थानीय जन-आवाज,संगठित प्रयास और शासन की त्वरित पहल ने इस सड़क को एक नई पहचान देने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं, लंबे समय से धूल,गड्ढों और खराब रास्तों से परेशान ग्रामीणों के लिए यह निर्माण कार्य उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है, इस महत्वपूर्ण मार्ग के नवनिर्माण का श्रेय स्थानीय स्तर पर सक्रिय कोरिया जन सहयोग समिति के सतत प्रयासों को भी दिया जा रहा है, जिसने विभिन्न मंचों पर इस मुद्दे को उठाकर शासन तक पहुंचाया,सोनहत-कछाड़ी सड़क निर्माण परियोजना यह दर्शाती है कि जब जन-आवाज और शासन की इच्छाशक्ति एक साथ आती है,तो बदलाव निश्चित होता है,यह सड़क न केवल दूरी कम करेगी,बल्कि वनांचल क्षेत्र के हजारों लोगों के जीवन में विकास,सुविधा और अवसरों की नई राह भी खोलेगी।
समयबद्ध लक्ष्य…जल्द मिलेगी सौगात
विभाग का लक्ष्य है कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए,यदि कार्य इसी गति से जारी रहा, तो जल्द ही यह सड़क क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी राहत और विकास का नया आधार बनेगी।
जर्जर सड़क से राहतः जनसंघर्ष का मिला परिणाम
सोनहत से कछाड़ी तक का यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, बारिश के मौसम में यह सड़क कीचड़ और जलभराव से भर जाती थी, जबकि गर्मियों में धूल और गड्ढे लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाते थे, ग्रामीणों, किसानों,छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए यह रास्ता रोजमर्रा की चुनौती बन चुका था। ऐसे में जब जन सहयोग समिति ने लगातार इस मुद्दे को उठाया और ज्ञापन सौंपे,तब जाकर शासन ने इस दिशा में गंभीरता दिखाई और निर्माण कार्य शुरू हुआ।
16 किलोमीटर की सड़क बनेगी विकास की ‘लाइफलाइन’
लगभग 16 किलोमीटर लंबा यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि कोरिया और सूरजपुर के बीच संपर्क का मजबूत सेतु साबित होगा, इसके पूर्ण होने से,सोनहत से सूरजपुर के छतरंग तक सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा, सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी,व्यापार,शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा,वनांचल क्षेत्र के गांव मुख्यधारा से तेजी से जुड़ेंगे,यह मार्ग कछाड़ी,सलगवांकला और आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित करेगा।
तकनीकी मानकों पर हो रहा निर्माण,गैप को लेकर भ्रम दूर
निर्माण के दौरान पुलिया और रिटर्निंग वॉल के बीच छोड़े गए अंतराल (गैप) को लेकर कुछ लोगों में भ्रम की स्थिति बनी थी, इस पर विभागीय विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है,पुलिया की दीवार पूरी ऊंचाई तक बनने के बाद इस गैप को वैज्ञानिक तरीके से भरा जाएगा,जिससे संरचना मजबूत और टिकाऊ बने, विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रक्रिया भविष्य में दरार और क्षति से बचाव के लिए जरूरी होती है।
गुणवत्ता पर फोकसः इंजीनियरों की निगरानी में काम
करोड़ों की लागत से बन रही इस सड़क में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है,उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का उपयोग,कंक्रीट मिक्स के मानक अनुपात का पालन,नियमित क्योरिंग (तराई) प्रक्रिया,इंजीनियरों की सतत निगरानी,निर्माण स्थल पर सामग्री की जांच समय-समय पर की जा रही है,ताकि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों में उत्साह,विकास की नई उम्मीद
सड़क निर्माण के चलते क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है,जो लोग अब तक खराब सड़क के कारण खुद को विकास से दूर महसूस करते थे,वे अब इस परियोजना से नई उम्मीदें जोड़ रहे हैं,ग्रामीणों का मानना है कि यह सड़क बनने के बाद न केवल आवागमन आसान होगा,बल्कि रोजगार, व्यापार और शिक्षा के अवसर भी बढ़ेंगे।
विकास की धुरी बनेगी यह सड़क : देवेन्द्र तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही यह सड़क क्षेत्र के विकास की धुरी बनेगी, उन्होंने बताया कि सरकार ने जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए इस सड़क को स्वीकृति दी और अब इसे उच्च तकनीकी मानकों के साथ तैयार किया जा रहा है,उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर विभाग को निर्देश दिए गए हैं और पूरी निगरानी रखी जा रही है, ताकि जनता को बेहतर सुविधा मिल सके।
जनभागीदारी से साकार हुआ सपना
जयचंद सोनपाकर ने कहा कि समिति ने इस समस्या को लगातार उठाया,जिसका परिणाम अब जमीन पर दिखाई दे रहा है,उन्होंने बताया कि इस सड़क के पूर्ण होने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में विकास की नई लहर आएगी,वहीं पंच संघ अध्यक्ष प्रेम सागर तिवारी ने इसे ग्रामीण अंचलों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि अब पंचायत स्तर के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur