प्रवेश शुल्क को ट्यूशन फीस में समायोजित करने की मांग, जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अम्बिकापुर,04 मई 2026 (घटती-घटना)। जिले के निजी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों द्वारा अवैध शुल्क वसूली के विरोध में युवा कांग्रेस आरटीआई सेल ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। आरटीआई सेल के अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल ने बताया कि कई स्कूल अभिभावकों से प्रवेश शुल्क,विकास शुल्क और पंजीयन शुल्क के नाम पर अतिरिक्त राशि ले रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत इस तरह का शुल्क लेना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद अधिकांश विद्यालय अलग-अलग नामों से फीस लेकर अभिभावकों पर आर्थिक बोझ डाल रहे हैं। साथ ही,10 अप्रैल को जारी एक आदेश का हवाला देते हुए बताया गया कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा भी इस प्रकार की वसूली को नियम विरुद्ध माना गया है और कार्रवाई प्रस्तावित है। हिमांशु जायसवाल ने कहा कि केवल स्कूलों पर जुर्माना लगाने से अभिभावकों को सीधा लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए जिनसे शुल्क लिया गया है, उसे शिक्षण शुल्क में समायोजित किया जाना चाहिए। आरटीआई सेल ने मांग की कि सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी नाम से प्रवेश शुल्क लेने पर सख्त कार्रवाई हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरेंद्र गुप्ता, गौतम गुप्ता,अभिषेक गुप्ता, वैभव पांडे, आयुष गुप्ता, सत्यम यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur