Breaking News

एमसीबी/सूरजपुर @ महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी उबाल

Share

  • मनेंद्रगढ़ से सूरजपुर तक सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता…गैस-पेट्रोल कीमतों पर घेरा केंद्र
  • महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का उबाल, मनेंद्रगढ़ से सूरजपुर तक सड़कों पर प्रदर्शन
  • 993 गैस वृद्धि पर भड़का आक्रोश,एमसीबी और सूरजपुर में कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन
  • महंगाई पर संग्राम, पेट्रोल-डीजल से गैस तक बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर
  • कमर्शियल गैस के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का जोरदार विरोध
  • गैस 3000 पार,जनता परेशान, कांग्रेस ने सड़कों पर उतारकर जताया आक्रोश


एमसीबी/सूरजपुर, 04 मई 2026 (घटती-घटना)।
बढ़ती महंगाई के खिलाफ छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) और सूरजपुर जिलों में कांग्रेस का आक्रोश सड़कों पर खुलकर सामने आया, कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर दोनों जिलों में अलग-अलग स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन किए गए, जिसमें कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खासकर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी वृद्धि को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा, इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही, जिससे यह आंदोलन व्यापक जनभागीदारी का रूप लेता नजर आया। मनेंद्रगढ़ और सूरजपुर में हुए ये प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि महंगाई का मुद्दा अब जनआक्रोश का रूप लेता जा रहा है, कांग्रेस ने इसे जनता की लड़ाई बताते हुए सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति स्पष्ट कर दी है, आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज हो सकता है, जिससे प्रदेश की राजनीति में भी हलचल बढ़ने की संभावना है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी-
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया, तो यह आंदोलन और उग्र होगा, उन्होंने कहा कि पार्टी आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
मनेंद्रगढ़ में पीडब्ल्यूडी चौक पर गरजा विरोध – मनेंद्रगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी चौक पर महिला कांग्रेस के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की,नेताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल,डीजल,रसोई गैस और खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता का जीवन मुश्किल हो गया है,पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई पर नियंत्रण करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है और कांग्रेस जनता के हक के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी,कांग्रेस नेत्री पूनम सिंह और महिला जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) निर्मला चतुर्वेदी ने कहा कि बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और घर के बजट पर पड़ रहा है। वहीं शहरी जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सूरजपुर में गैस सिलेंडर कीमतों पर फूटा गुस्सा
सूरजपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 की भारी वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने आक्रामक प्रदर्शन किया,अग्रसेन चौक पर आयोजित इस विरोध में कार्यकर्ताओं ने खाली सिलेंडर रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3,000 के पार पहुंच जाना छोटे व्यापारियों और आम लोगों पर दोहरी मार है। इससे होटल,ढाबा,कैटरिंग और छोटे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित होंगे,जिसका असर सीधे आम जनता की जेब पर पड़ेगा,जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ाना सरकार की नीति बन चुकी है, उन्होंने इसे आर्थिक कुप्रबंधन का उदाहरण बताते हुए तत्काल मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की।
महंगाई से त्रस्त जनता,सड़कों पर कांग्रेस
दोनों जिलों में नेताओं ने एक सुर में कहा कि महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है,रसोई का बजट बिगड़ चुका है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना कठिन होता जा रहा है, कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि जनता की आवाज को बुलंद करने का प्रयास है।
खाली सिलेंडर और तख्तियों के जरिए प्रतीकात्मक विरोध
मनेंद्रगढ़ में जहां तख्तियां और नारेबाजी प्रदर्शन का केंद्र रही,वहीं सूरजपुर में खाली गैस सिलेंडर रखकर विरोध जताया गया,दोनों जगहों पर कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ अपने गुस्से को अलग-अलग तरीकों से जाहिर किया।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
दोनों जिलों में आयोजित प्रदर्शनों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी रही, महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति ने आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया।


Share

Check Also

कोरिया@ कोरिया पैलेस से जुड़े महिपाल सिंह राणावत बने RHS के राजस्थान उपाध्यक्ष

Share कोरिया,04 मई 2026 (घटती-घटना)। राजस्थान की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने …

Leave a Reply