Breaking News

अम्बिकापुर@ बैंक खाता खुलवाकर ठगी

Share

एटीएम-चेकबुक लेकर करता रहा लेन-देन
अम्बिकापुर 22 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
बैंक खाता खुलवाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खाताधारकों का खाता खुलवाकर उनकी चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और खाते से अवैध लेन-देन करता रहा। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरजा निवासी राजकुमार मिर्रे ने पुलिस को बताया कि वह दर्रीपारा में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। उसके पड़ोसी के माध्यम से शादाब अंसारी से पहचान हुई थी। शादाब ने बताया कि एचडीएफसी बैंक में फ्री में खाता खुल रहा है और खाता खुलवाने पर 1000 रुपए भी मिलेंगे। लालच में आकर राजकुमार सहित अन्य लोगों ने खाता खुलवाने की सहमति दी। अगले दिन आरोपी एक व्यक्ति को बैंक कर्मचारी बताकर साथ लाया और सभी के दस्तावेज लेकर खाता खुलवाया। खाता खुलने के बाद पासबुक, एटीएम और चेकबुक दे दी गई। अगले दिन आरोपी ने पासबुक, एटीएम और चेकबुक यह कहकर ले लिए कि बैंक में अपडेट कराकर लौटा देगा, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। लगातार संपर्क करने पर बहाने बनाता रहा और बाद में मोबाइल बंद कर दिया। कुछ समय बाद बैंक से सूचना मिली कि खाते में संदिग्ध लेन-देन हो रहा है। जब खाताधारक बैंक पहुंचे तो पाया कि खाते में दूसरा मोबाइल नंबर दर्ज कर अवैध लेन-देन किया जा रहा था। मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने आरोपी शादाब अंसारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा संभाग में ‘आकार-2026’ का आयोजन

Share उदयपुर और लखनपुर में 8 से 14 जून तक चलेगा पारंपरिक शिल्प एवं कला …

Leave a Reply