,पारा 40.1 डिग्री पार
सरगुजा में बढ़ी उमस और गर्मी,स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी
अम्बिकापुर,20 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले में आसमान में बादल छाने के बावजूद भीषण गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। मौसम में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बादल तो नजर आ रहे हैं,लेकिन तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होने से उमस और गर्मी दोनों बढ़ गई है। गर्मी के इस तेवर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव (लू) की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रेम सिंह मार्को ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। जरूरी होने पर सिर ढंककर ही बाहर जाएं। लगातार बढ़ते तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी तेजी से हो रही है। विभाग ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी जैसे तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों,बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
लू और हीट हेडेक के मामले बढने की आशंका
डॉक्टरों के अनुसार, अधिक तापमान में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। तेज बुखार, चक्कर,उल्टी,कमजोरी और बेहोशी इसके प्रमुख लक्षण हैं। इसके अलावा इन दिनों ‘हीट हेडेक’ यानी गर्मी से होने वाले सिरदर्द की समस्या भी बढ़ रही है, जो डिहाइड्रेशन और नींद की कमी से जुड़ी है।
समय पर उपचार जरूरी
विशेषज्ञों ने बताया कि लू लगने की स्थिति में तुरंत व्यक्ति को ठंडी जगह पर ले जाकर शरीर को ठंडा करना चाहिए और होश में होने पर पानी या ओआरएस देना चाहिए। गंभीर स्थिति में बिना देरी अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी शासकीय अस्पतालों में आवश्यक दवाएं और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur