Breaking News

कोरिया@ आंगनबाड़ी साड़ी खरीदी घोटाले के विरोध में मंत्री का पुतला दहन

Share

,
महिला कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच और इस्तीफे की मांग
कोरिया,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर कोरिया जिले में सियासी माहौल गरमा गया है, रविवार को महिला कांग्रेस कोरिया ने जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के कुमार चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ उनके इस्तीफे की मांग उठाई, यह प्रदर्शन प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
साड़ी खरीदी में करोड़ों की अनियमितता का आरोप-महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगभग 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में करीब 9.7 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है, उनका कहना है कि खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से की गई खरीदी में गुणवत्ता को नजरअंदाज किया गया और मानकों का पालन नहीं किया गया, आरोपों के अनुसार,जहां साडि़यों की निर्धारित लंबाई 5.5 से 6.3 मीटर होनी चाहिए थी, वहां करीब 5 मीटर की साडि़यां वितरित की गईं,इसके साथ ही बाजार में कम कीमत की साडि़यों को अधिक मूल्य पर दिखाकर आपूर्ति करने का भी आरोप लगाया गया। इस पूरे प्रकरण को महिला कांग्रेस ने ‘संगठित आर्थिक गड़बड़ी’ करार दिया है।
महिला कांग्रेस का प्रदर्शन और नारेबाजी- प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संजोती मरकाम ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मंत्री के खिलाफ विरोध जताते हुए पुतला दहन किया गया और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की गई,प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जो समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग—महिलाओं और बच्चों—के लिए कार्य करती हैं, उनके साथ इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस्तीफे और उच्च स्तरीय जांच की मांग- महिला कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए,उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और संबंधित मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए,नेताओं ने यह भी कहा कि यह मामला केवल साड़ी खरीदी तक सीमित नहीं है,बल्कि यह प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही का मुद्दा है,जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी-इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव,पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इसके अलावा अजय सिंह, मनोज दुबे,हेमसागर यादव,बृजवासी तिवारी,बिहारी लाल राजवाड़े,आशीष यादव, विपुल शुक्ला,प्रांजल जायसवाल,मोनू माझी, रियाजउद्दीन,फारूक,वसीम खान,इब्राहिम, चांदनी सोनी,ममता गुप्ता,महिंदर कौर,कादिर अली,गोल्डन टेलर,उर्मिला रानी राजवाड़े, दुर्गा, प्रेमा,भगवती, रामबाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजनीतिक तापमान बढ़ा,आगे और आंदोलन के संकेत- इस प्रदर्शन के बाद जिले में सियासी माहौल और गरमाने की संभावना जताई जा रही है,महिला कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि यदि जल्द ही मामले में कार्रवाई नहीं होती,तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जवाबदेही तय होने का इंतजार- आंगनबाड़ी साड़ी खरीदी का यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही स्तरों पर चर्चा का विषय बन चुका है, आरोप गंभीर हैं और यदि इनमें सच्चाई पाई जाती है,तो यह बड़े स्तर की अनियमितता साबित हो सकती है,अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि शासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है—क्या निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी,या यह मामला भी समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


Share

Check Also

राजपुर@ प्रधानमंत्री आवास को मनरेगा मजदूरी भुगतान

Share ,मुख्यमंत्री आवास हितग्राहियों को अब तक नहीं मिली 23 हजार की राशिराजपुर,19 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply