शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब,महिलाओं की सहभागिता रही खास आकर्षण
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा में रविवार को मनाई गई भगवान परशुराम जयंती इस बार सिर्फ धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक एकता और सहभागिता का बड़ा संदेश भी दे गई। सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में हुए कार्यक्रमों में शहरभर के लोगों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। शाम को गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एक समान परिधान में शामिल हुईं। भगवान परशुराम की जीवंत झांकी के साथ चल रही महिलाओं की अनुशासित उपस्थिति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। शोभायात्रा गांधी चौक से निकलकर घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, महामाया चौक और स्कूल रोड होते हुए लरंगसाय चौक पहुंची। इसके बाद केनाबांध स्थित परशुराम मंदिर प्रांगण में समापन हुआ, जहां पूजा-अर्चना और महाआरती की गई।
दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान : सुबह केनाबांध मंदिर में भगवान परशुराम का पंचामृत अभिषेक, पूजा-अर्चना और आरती की गई। साथ ही 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ भी आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जगह-जगह हुआ स्वागत : शोभायात्रा के दौरान विभिन्न समाज और संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद : कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन ने शहर में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकजुटता का माहौल भी बनाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur