-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। डॉ. अंबेडकर जयंती पखवाड़ा के तहत भाजपा मंडल देवगढ़ के ग्राम खम्हरिया में जिला स्तरीय संगोष्ठी सम्मेलन और समरसता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य वक्ता वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य अतिथियों ने सम्मेलन को संबोधित किया। रामसेवक पैकरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता,स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अनुसूचित जाति-जनजाति वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है और सामाजिक समरसता को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि अंबेडकर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भाजपा उन्हें अपनी नीतियों में शामिल कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रामलखन सिंह पैकरा, संयोजक मधुसूदन शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य राधा रवि और मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रबोध सिंह ने किया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति समाज के 10 वरिष्ठ महिला-पुरुषों का शाल-श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur