Breaking News

अम्बिकापुर@निजी स्कूलों पर डीईओ की सख्ती,महंगी किताबें व फीस बढ़ोतरी पर 50 प्रतिशत जुर्माने का नोटिस

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के निजी स्कूलों में एनसीईआरटी के बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें चलाने और फीस में बढ़ोतरी के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सख्त कदम उठाया है। अभिभावकों की शिकायत के बाद ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, कार्मेल स्कूल और न्यू डीपीएस स्कूल को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया है। साथ ही वसूली गई फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है।
डीईओ द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि कुछ स्कूलों की किताबें शहर की चुनिंदा दुकानों में ही उपलब्ध हैं। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की किताबें राणा ब्रदर्स में, जबकि कार्मेल और न्यू डीपीएस स्कूल की किताबें एमपी डिपार्टमेंटल स्टोर्स में ही मिल रही हैं। इससे अभिभावकों को महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अभिभावकों ने शिकायत में बताया कि स्कूलों ने वार्षिक शुल्क में 9 से 13 प्रतिशत और शिक्षण शुल्क में करीब 9.4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। खासकर कक्षा 8वीं तक की किताबों की कीमत अधिक होने से आर्थिक बोझ बढ़ा है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्कूल प्रबंधन ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। साथ ही निजी प्रकाशकों और पुस्तक विक्रेताओं के साथ साठगांठ कर महंगी किताबें बेचने की आशंका जताई गई है।
एनसीईआरटी लागू करने के निर्देश
कार्मेल स्कूल प्रबंधन ने अगले सत्र से एनसीईआरटी किताबें लागू करने की बात कही, जिस पर डीईओ ने इसे वर्तमान सत्र से ही लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को एनसीईआरटी पुस्तकों का पीडीएफ उपलब्ध कराने और किताबें लौटाने पर सहयोग करने को कहा गया है।
बस्ते का वजन भी ज्यादा
न्यू डीपीएस स्कूल सरगवां में कक्षा 1 के एक छात्र का बस्ता निर्धारित मानक से अधिक पाया गया। छात्र का वजन 18 किलोग्राम जबकि बस्ते का वजन 6 किलोग्राम था। नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार बस्ते का वजन बच्चे के वजन के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए।
आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
डीईओ ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

रायपुर@आईएएस समीर विश्नोई की करोड़ों की संपत्तियां अटैच

Share रायपुर,18 अप्रैल २0२6। एसीबी ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित …

Leave a Reply