-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने युवा संवाद कार्यक्रम के तहत गांवों में उतरकर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा। जिला पंचायत सरगुजा और मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस पहल में 361 छात्रों ने चार ग्राम पंचायत—साकालो,मेंड्राखुर्द,कांठी और कर्जी में घर-घर सर्वे किया। छात्रों ने 1167 परिवारों से जानकारी जुटाई। सर्वे में सामने आया कि 89 प्रतिशत परिवारों को महतारी वंदन योजना और 80 प्रतिशत को आयुष्मान भारत का लाभ मिल रहा है। वहीं 82 प्रतिशत विधवा पेंशन और 71 प्रतिशत बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। सर्वे में कई खामियां भी उजागर हुईं। 245 परिवारों के 483 सदस्य आयुष्मान योजना से बाहर हैं। 137 परिवारों के 195 सदस्यों के नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़े हैं। 84 बुजुर्ग और 31 विधवाएं अब भी पेंशन से वंचित हैं। इसके अलावा 50 प्रतिशत दिव्यांगों के पास प्रमाण-पत्र नहीं है, जिससे वे योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे। करीब 100 परिवारों के आधार कार्ड में सुधार की जरूरत है, जबकि 177 लोगों के पास वोटर आईडी नहीं है। एससी,एसटी और ओबीसी वर्ग के लगभग आधे परिवारों के पास जाति प्रमाण-पत्र नहीं होने से उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कत हो रही है। जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस तरह का प्रयास योजनाओं की 100 प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने में मददगार होगा। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने इसे शिक्षा का वास्तविक स्वरूप बताया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur