एआई कोर्स, नए पाठ्यक्रम और सेमेस्टर प्रणाली पर महत्वपूर्ण फैसले
अम्बिकापुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में 19वीं विद्या परिषद की बैठक विज्ञान संकाय भवन, विद्यापुरम् परिसर भकुरा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने की। बैठक में विश्वविद्यालय की अकादमिक शाखा के ओएसडी डॉ. पीयूष पांडेय ने विभिन्न विषयों का प्रस्तुतीकरण किया, जबकि कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी सचिव के रूप में उपस्थित रहे। कुलपति ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रस्तावित विषयों पर चर्चा की अनुमति प्रदान की। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद अनुमोदन किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर नॉन-क्रेडिट कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया। पर्यावरण विभाग में एक वर्षीय ‘जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास’ पाठ्यक्रम तथा चार वर्षीय बीएससी (ऑनर्स) पर्यावरण विज्ञान शुरू करने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में 25 नए पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी सहमति बनी, जिसमें ‘हिंदू स्टडीज’ विषय भी शामिल है। कंप्यूटर विज्ञान विभाग में बीसीए और एमसीए तथा विधि विभाग में बीए एलएलबी और एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शोध प्रबंधों में एकरूपता लाने और डीसीए व पीजीडीसीए में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सभी संकायाध्यक्ष, बोर्ड ऑफ स्टडीज के अध्यक्ष और अकादमिक शाखा के सदस्य उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur