..
मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम
कल्याणपुर चौक पर शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन,प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला मार्ग
बिश्रामपुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। बिश्रामपुर क्षेत्र में हाथी के हमले से दो दिन के भीतर दो युवकों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पहली घटना बुधवार शाम लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर के कोटबहरा गांव में हुई, जबकि दूसरी घटना गुरुवार को घाघीटिकरा में सामने आई। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार,कोटबहरा निवासी केशव भोई (पिता साधु भोई) मजदूरी का काम करता था। बुधवार शाम वह बाइक से अपनी सहकर्मी महिला को उसके घर छोडऩे जा रहा था। इसी दौरान जंगल में दल से बिछड़े हाथी से उसका सामना हो गया। बचने की कोशिश के बावजूद हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार महिला किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही, हालांकि वह तार फेंसिंग में फंसकर घायल हो गई। हाथी ने बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन : प्रशासन ने मृतक के परिजन को तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने, अन्य मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने और मृतक की पत्नी को लटोरी डिपो में अस्थायी रोजगार देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और शव का पोस्टमार्टम कराया।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों ने वन विभाग और हाथी मित्र दल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि हाथी की लोकेशन की जानकारी समय पर नहीं दी जाती,जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा,स्थायी नौकरी और गांव में टॉर्च, हाईमास्ट लाइट व झटका फेंसिंग की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य किरण केराम ने कहा कि कोटबहरा और अखोरा क्षेत्र लंबे समय से हाथी प्रभावित डेंजर जोन बना हुआ है, लेकिन बार-बार मुद्दा उठाने के बावजूद वन विभाग द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
दूसरे दिन फिर गई एक जान
गुरुवार को हाथी ने ग्राम पंचायत अखोराकला के घाघीटिकरा निवासी 45 वर्षीय सोहन सिंह (पिता जगरनाथ सिंह) को भी कुचलकर मार डाला। दो दिन में दो मौतों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शव रखकर किया चक्काजाम
बुधवार रात पुलिस और वन विभाग की टीम शव उठाने पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। पूरी रात परिजन और ग्रामीण जंगल में शव की रखवाली करते रहे। गुरुवार सुबह भी जब प्रशासन की टीम पोस्टमार्टम के लिए पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध किया। कई दौर की बातचीत विफल रहने पर ग्रामीण शव लेकर कल्याणपुर चौक पहुंचे और मुख्य सडक पर रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब सवा घंटे तक चले प्रदर्शन से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल, एसडीओ वन अशोक तिवारी, एसडीओपी अभिषेक पैकरा, तहसीलदार सुरेंद्र साय पैकरा, रेंजर उमेश वस्त्राकार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और वन अमला पहुंचा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur