-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर में गर्मी ने अब अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते तीन दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। अचानक बढ़ी गर्मी के कारण दोपहर के समय चिलचिलाती धूप में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप से बचने के लिए लोग छांव की तलाश करते नजर आए। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और चेहरे को गमछे या तौलिये से ढककर चल रहे हैं। गर्मी के असर से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रभाव दिखने लगा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने से तापमान 30 से 31 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लेकिन मौसम साफ होते ही सोमवार से तापमान में तेजी से वृद्धि शुरू हो गई, जो अब 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है। आने वाले समय में तापमान में वृद्धि और दर्ज की जाएगी।
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur