Breaking News

अम्बिकापुर@नजूल लीज नवीनीकरण में सुस्ती,20 हजार पट्टाधारी परेशान

Share


31 मार्च के बाद खत्म हुई अवधि,बैंक नोटिस से बढ़ी व्यापारियों की चिंता
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम क्षेत्र में नजूल भूमि के करीब 20 हजार पट्टाधारियों को लीज नवीनीकरण में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत पट्टों की अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है। समय पर नवीनीकरण नहीं होने से आम नागरिकों और व्यापारियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार, शहर के कई व्यापारियों ने नजूल भूमि को बैंक में मॉर्गेज रखकर लोन और कैश क्रेडिट लिमिट ले रखी है। लीज अवधि समाप्त होने के बाद बैंक ऑडिट में उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं और लिमिट बंद करने की चेतावनी भी दी जा रही है। इससे व्यापारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
राजस्व दफ्तर के चक्कर, बिचौलियों की सक्रियता से बढ़ी परेशानी : लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया राजस्व विभाग में धीमी होने के कारण लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आरोप है कि इस बीच कुछ बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और पट्टाधारियों से अवैध वसूली कर रहे हैं,जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। इस संबंध में पार्षद व भाजपा नेता आलोक दुबे ने कलेक्टर अजीत बसंत को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम के सभी वार्डों में शिविर लगाकर नजूल तहसीलदार,राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की संयुक्त टीम मौके पर सत्यापन कर लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करे। उन्होंने कहा कि भू-राजस्व संहिता की धारा 165 और 182 के तहत 30 वर्ष के लिए नवीनीकरण किया जाना चाहिए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सके।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ पीटीएस मैनपाट में 83 नवआरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न

Share आईजी दीपक कुमार झा ने ली परेड की सलामी,कर्तव्यनिष्ठा का दिलाया संकल्पअम्बिकापुर,25 मई 2026 …

Leave a Reply