
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारणी की बैठक कार्यालय राजीव भवन में सम्पन हुई। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कार्यकारणी के सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती के लिए कमर कस लेने को कहा। उन्होंने कहा कि सरगुजा में कांग्रेस को जो खोना था वो वह खो चुकी है, अब फिर 2018 जैसे सफलता की तैयारी में लग जाना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की कांग्रेस की विचारधारा के साथ हमे सफलता हासिल करना है। महिला आरक्षण और इसको लागू करने के लिए देश मे बढऩे वाली विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि 16 से 18 अप्रैल को महिला आरक्षण पर होने वाले संसद के सत्र के बाद देश की राजनीति में आमूल चूल बदलाव आएगा। इससे एकरूपता के लिये संगठन को तैयार रहना चाहिए। कार्यकारणी की बैठक को संबोधित करते हुए सरगुजा कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह ने कहा कि पंचायत/वार्ड कमेटी, बूथ कमेटी के गठन में सरगुजा जिला पूरे प्रदेश में अग्रणी है। इसकी बधाई देता हूँ। 15 अप्रैल तक शतप्रतिशत कमेटियों के गठन का लक्ष्य दिया है। ये कमेटियां और इसके पदाधिकारी पार्टी के फ्रंटलाइन सिपाही होंगे। कांग्रेस की चुनावी चुनौतियों की महती जिम्मेदारी इनके कंधे पर रहेगी। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, पीसीसी महामंत्री जेपी श्रीवास्तव एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने भी सम्बोधित किया।
चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण
कांग्रेस की नवगठित जिला कार्यकारिणी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में शहीद पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान मीडिया द्वारा युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किये जाने के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने इसी चौक पर अनावरण से संबंधित लगे एक बैनर की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिस प्रकार से शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की गरिमा के विपरीत इस पूरे आयोजन को किया गया उससे युवा उद्वेलित हुए। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं को धैर्य के साथ उचित कार्य करना चाहिए। गलत बात का उचित प्रतिवाद होना चाहिए। शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण उपरांत पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने भाजपा नेता स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी के प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि अनावरण कार्यक्रम का आमंत्रण उन्हें नहीं मिला, हालांकि रजनी त्रिपाठी द्वारा उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया था। शहर में मौजूद नहीं होने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur