Breaking News

सूरजपुर@ प्रबंध संचालक भीम सिंह का सूरजपुर दौरा दूरस्थ गांवों में विद्युतीकरण कार्य को मिली गति

Share

खड़ापारा,मसानकी और बांक गांवों का किया स्थल निरीक्षण,
मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत होगा विद्युतीकरण
सूरजपुर,07 अप्रैल 2026(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक भीम सिंह ने 4 अप्रैल 2026 को सूरजपुर जिले का दौरा कर दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में प्रस्तावित विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खड़ापारा, मसानकी और बांक जैसे अब तक विद्युत-विहीन गांवों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, उनके दौरे से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला,मुख्यमंत्री मजरा-टोला विद्युतीकरण योजना के तहत स्वीकृत इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के उद्देश्य से प्रबंध संचालक ने निविदा प्रक्रिया को तेज करते हुए इसे 21 दिनों के बजाय 10 दिनों में पूर्ण करने की अनुमति दी है, यह पहल न केवल विद्युत आपूर्ति को जल्द सुनिश्चित करेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा देगी,यह दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं,बल्कि दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यदि तय समय सीमा में कार्य पूर्ण होता है, तो यह क्षेत्र के विकास की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रबंध संचालक भीम सिंह का आगमन ग्राम खड़ापारा में हुआ,जहां विभागीय अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया,इसके बाद उन्होंने ओड़गी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम मसानकी और बांक का दौरा किया। इन गांवों में प्रस्तावित विद्युतीकरण कार्यों के लिए निर्धारित रूट का उन्होंने सूक्ष्म निरीक्षण किया और स्थल की भौगोलिक एवं तकनीकी स्थिति का आकलन किया।
मजरा-टोला योजना से मिलेगा लाभ
यह विद्युतीकरण कार्य राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मजरा-टोला विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत स्वीकृत है, इन दूरस्थ और अब तक बिजली से वंचित गांवों में विद्युत आपूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों को घरेलू सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार और लघु उद्योगों में भी व्यापक लाभ मिलेगा।
निविदा प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
प्रबंध संचालक ने कार्य की तात्कालिक आवश्यकता को देखते हुए निविदा प्रक्रिया को निर्धारित 21 दिनों के बजाय 10 दिनों में पूर्ण करने की स्वीकृति प्रदान की, इससे कार्य प्रारंभ होने की प्रक्रिया तेज होगी और समय पर परियोजना पूर्ण होने की संभावना बढ़ेगी।
तकनीकी चुनौतियों पर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संभावित तकनीकी चुनौतियों का आकलन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा न आए, उन्होंने रूट सर्वे के दौरान आवश्यक सुधार और कार्य योजना को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
ग्रामीणों से संवाद और भरोसा
दौरे के दौरान प्रबंध संचालक ने ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उनके गांवों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी,उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व कार्य पूर्ण करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर रायपुर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता अनीस लखेरा,अंबिकापुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार,अधीक्षण अभियंता वी.के. तिवारी, के.एन. सिंह,कार्यपालन अभियंता मुकेश ध्रुव, बसंत सोम सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply