


दो दिवसीय प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा,कार्यशैली और जनसेवा के मूल सिद्धांतों की दी गई जानकारी
कोरिया,04 अप्रैल 2026(घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी मंडल पटना में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 का दो दिवसीय सफल आयोजन संपन्न हुआ, कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन बैकुंठपुर विधायक भैया लाल राजवाड़े द्वारा किया गया, कार्यक्रम में संयोजक श्रीमती गायत्री सिंह, सहसंयोजक गौरव अग्रवाल एवं मंडल अध्यक्ष रामलखन यादव की उपस्थिति रही, मंच संचालन महामंत्री सत्यम साहू एवं सचिदानंद द्विवेदी द्वारा किया गया, यह दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ। इससे पार्टी के जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
इस प्रशिक्षण महाभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा के मूल सिद्धांतों से परिचित कराना रहा, कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को एकात्म मानववाद, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सामाजिक समरसता, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडल के सभी प्रमुख पदाधिकारी,बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे,सभी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण पर जोर
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत पटना की अध्यक्ष गायत्री सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के महत्व को बताया,उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं और उन्हीं के माध्यम से योजनाएं आम जनता तक पहुंचती हैं।
महिला कार्यकर्ता का समर्पण बना प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष चंद्रकली राजवाड़े अपने 6 माह के बच्चे को गोद में लेकर प्रशिक्षण में शामिल हुईं, उनके इस समर्पण और उत्साह की सराहना करते हुए जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने उनका स्वागत कर आभार व्यक्त किया,यह दृश्य कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।
समापन अवसर पर दिया गया संदेश
समापन अवसर पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं, उन्होंने सभी से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष रामलखन यादव ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur