स्कूल रोड और कलेक्टोरेट परिसर में मुख्य आयोजन,भंडारे में हजारों ने लिया प्रसाद

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर सहित जिलेभर में गुरुवार को हनुमान जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न हनुमान मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई, वहीं देर शाम तक भजन-कीर्तन और अखंड हरिकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के स्कूल रोड स्थित हनुमान मंदिर और कलेक्टोरेट परिसर में मुख्य आयोजन हुए। स्कूल रोड हनुमान मंदिर में समिति द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ी। महावीर मंडल लोक न्यास समिति द्वारा सामूहिक पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर परिसर में इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कलेक्टोरेट स्थित इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही पूजा-पाठ शुरू हो गया था, जो देर शाम तक चलता रहा। इसके अलावा गांधीनगर, गोधनपुर सहित अन्य क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में भी हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई।
लमगांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भी विशेष आयोजन हुए। मान्यता है कि यहां हनुमान जी की प्रतिमा स्वयं प्रकट हुई है। मंदिर में वर्षों से 24 घंटे रामचरितमानस का पाठ होता है। हनुमान जयंती पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। लंबी कतारों में खड़े होकर भक्तों ने दर्शन किए। पूरे दिन प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन चलता रहा। हनुमान जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। स्कूल रोड हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना विधिवत संपन्न हुई। आयोजन को सफल बनाने में पार्षद हरमिंदर सिंह टिन्नी, किशोर सिंह बघेल, दूधनाथ गोस्वामी, आकाश गुप्ता, रोचक गुप्ता, शानू कश्यप सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur