नवरात्र में शराब पीने से मना करने पर हुआ विवाद,आरोपी दंपति गिरफ्तार

–संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर खुर्द लोहारपारा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद में युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को घर में दफना दिया। घटना के करीब एक सप्ताह बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार,24-25 मार्च की दरमियानी रात वृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में अपने पड़ोसी और दोस्त मिथिलेश कुजूर के घर पहुंचा था। उसने मिथिलेश को शराब पीने के लिए कहा, लेकिन नवरात्र होने के कारण मिथिलेश ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान झूमाझटकी में मिथिलेश का मोबाइल गिरकर टूट गया। इससे गुस्साए मिथिलेश ने घर में रखे डंडे से वृजलाल के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मिथिलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। ऊपर से प्लाईबोर्ड रखकर मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद आरोपी घर छोडकर इधर-उधर छिपता रहा, जबकि उसकी पत्नी पड़ोस में रहने लगी।
एक सप्ताह तक किसी को नहीं लगी भनक
मृतक वृजलाल घर में अकेला रहता था। घटना के समय उसका पिता गांव से बाहर गया हुआ था। वापस आने पर बेटे के नहीं मिलने पर उसने समझा कि वह कहीं काम पर गया होगा। आसपास के लोगों को भी घटना की कोई जानकारी नहीं थी।
खुद थाने पहुंचकर किया खुलासा
मंगलवार रात आरोपी मिथिलेश कुजूर गांधीनगर थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त की हत्या कर शव को घर में दफना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस बुधवार को मौके पर पहुंची। न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया। करीब एक सप्ताह तक जमीन में दबे रहने के कारण शव सड़ चुका था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसे मृतक का भूत दिखाई देता था, जो उससे अंतिम संस्कार करने की बात कहता था। इसी डर के चलते उसने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी मिथिलेश कुजूर और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur