-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने बैंक खाते किराए पर देकर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, गांधीनगर निवासी शौर्य प्रताप ने 29 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि परिचित ऋत्विक सिंह ने दिसंबर 2024 में डेयरी व्यवसाय के नाम पर 48,500 रुपए अपने खाते से निकलवा लिए। इसके बाद उसका बैंक खाता होल्ड हो गया। जांच में पता चला कि खाते का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में हुआ है।
जांच में सामने आया गिरोह : मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ऋत्विक सिंह और उसके साथी अमन गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने कबूल किया कि वे अन्य साथियों के साथ मिलकर बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करते थे और इन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर करते थे। इसके अलावा आरोपी पियूष तिवारी के खाते में भी कई संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पाए गए। पूछताछ में उसने भी अपराध में शामिल होना स्वीकार किया।
मोबाइल व डाटा जब्त : पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं,जिनमें खातों और लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा मिला है। मामले में साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई गांधीनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur