
सरगावां के सूखे नल, प्यासे ग्रामीण
-सुदामा राजवाडे-
बलरामपुर,30 मार्च 2026 (घटती-घटना)। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल जल योजना का जमीनी सच बलरामपुर जनपद के ग्राम पंचायत सरगावां में बेहद चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहा है। हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का वादा यहां पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है और योजना पूरी तरह ठप हो चुकी है। गांव में न तो पाइपलाइन का अधूरा कार्य पूरा किया जा रहा है और न ही पानी टंकी का निर्माण आगे बढ़ाया गया है। हालात यह हैं कि घर-घर लगाए गए नल अब शोपीस बनकर रह गए हैं—सूखे, बेकार और ग्रामीणों की मजबूरी का प्रतीक। ग्रामीण बताते हैं कि वर्ष 2023 में बड़े उत्साह के साथ योजना की शुरुआत हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद काम रुक गया। कई घरों में पाइपलाइन आधी-अधूरी बिछाई गई, जबकि बड़ी संख्या में परिवार आज भी इस सुविधा से पूरी तरह वंचित हैं। पानी के लिए लोगों को दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना पानी ढोने की मशक्कत करनी पड़ती है। दो साल से काम बंद होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की निष्कि्रयता ने ग्रामीणों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। लोगों का कहना है कि जब योजना का लाभ ही नहीं मिल रहा, तो ऐसी योजनाएं केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं।
इस मामले में पीएचई विभाग की सहायक अभियंता सुनील उरांव ने बताया कि पूर्व ठेकेदार द्वारा काम अधूरा छोड़ दिया गया था। अब नए ठेकेदार को जिम्मेदारी सौंपी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर उसे पूरा किया जाएगा।
अब सवाल यह उठता है कि क्या ‘हर घर नल जल’ योजना सरगावां में सिर्फ घोषणा बनकर रह जाएगी, या फिर प्रशासन समय रहते जागेगा और प्यासे ग्रामीणों को राहत मिलेगी?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur