Breaking News

सूरजपुर@केवटाली में पेयजल संकट…15 घरों के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर,अधूरी टंकी बनी लापरवाही की मिसाल

Share


-संवाददाता-
सूरजपुर,29 मार्च 2026 (घटती-घटना)। भैयाथान के ग्राम केवटाली के वार्ड क्रमांक 8 में पेयजल की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल बना दिया है। यहां लगभग 15 परिवार आज भी शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को मजबूरी में धोधी (गड्ढे/तालाब) का दूषित पानी पीना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे लगातार बढ़ रहे हैं। समस्या की जानकारी मिलते ही जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी पीड़ा सुनी। इस दौरान महिलाओं ने सिर पर पानी के बर्तन रखकर विरोध जताया और बताया कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है,लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में तत्काल स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, हैंडपंप की स्थापना,नल-जल योजना का शीघ्र क्रियान्वयन तथा संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई शामिल है। अभय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इस पूरे मामले में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू तो किया गया,लेकिन आज तक अधूरा पड़ा है। यदि यह योजना समय पर पूरी हो जाती, तो ग्रामीणों को दूषित पानी पीने की नौबत नहीं आती। अधूरी पड़ी टंकी अब प्रशासनिक लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली का प्रतीक बन चुकी है। ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश है और वे सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस देरी के लिए जिम्मेदार कौन है और कब तक उन्हें शुद्ध पेयजल मिल पाएगा। फिलहाल,ग्राम केवटाली के लोग बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए बैठे हैं। यह मामला सिर्फ एक अधूरी योजना का नहीं, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन के अधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन गया है।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का हमला

Share कहा विपक्ष के स्वार्थ ने रोका ऐतिहासिक मौकाबैकुण्ठपुर प्रेसवार्ता में महापौर संजूदेवी राजपूत का …

Leave a Reply