अश्लील कंटेंट देखने का आरोप लगाकर डराया
अम्बिकापुर,28 मार्च 2026(घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका के साथ ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां खुद को क्राइम ब्रांच रायपुर का अधिकारी बताकर अज्ञात व्यक्ति ने 4 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त शिक्षिका ने बताया कि 19 मार्च को कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वे घर पहुंचीं, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच रायपुर का अधिकारी बताते हुए कहा कि वे गूगल पर अश्लील सामग्री देख रही हैं, जो कानूनन अपराध है। इसके बाद उसने तुरंत गिरफ्तारी की बात कहकर शिक्षिका को भयभीत कर दिया। आरोपी ने शिक्षिका को किसी से भी इस बारे में चर्चा न करने की सख्त हिदायत दी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। यहां तक कि हाथ-पैर की उंगलियां काट देने जैसी बात कहकर उन्हें मानसिक रूप से डरा दिया गया। डर के कारण शिक्षिका आरोपी के झांसे में आ गई और उसके द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर एवं बैंक खातों में अलग-अलग तिथियों में रकम ट्रांसफर करती रही। 19 मार्च को तीन किश्तों में 1 लाख रुपए, 20 मार्च को 20 हजार रुपए, वहीं उनके पति द्वारा च्वाइस सेंटर से 30 हजार और 40 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 21 से 25 मार्च के बीच भी अलग-अलग किश्तों में 40 हजार, 45 हजार, 25 हजार, 40 हजार, 20 हजार, 50 हजार और 40 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 4 लाख 50 हजार रुपए आरोपी के खाते में जमा करा दिए गए। आरोपी ने पैसे वापस करने का झांसा देते हुए कहा कि तीन दिन में राशि लौटाई जाएगी, लेकिन इसके बाद भी पैसे की मांग जारी रखी। लगातार बढ़ती मांग पर शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के कॉल से सावधान रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur