-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 मार्च 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में शनिवार को मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से ‘सरगुजा में सार्वजनिक स्वास्थ्य की चुनौतियां तथा सामुदायिक स्वास्थ्य में युवाओं की भूमिका विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत गाडेवार रहे। उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य का महत्व समझाया और एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता के लिए आवश्यक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरगुजा के मैनपाट क्षेत्र में अपने कार्यानुभव साझा करते हुए ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों की चुनौतियों को रेखांकित किया। डॉ. गाडेवार ने विद्यार्थियों को सामाजिक मूल्यों, विशेषकर समानता (इक्विटी) को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में कार्य करते समय सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखना आवश्यक है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिलता है।
वहीं समन्वयक डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि यह पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास है। मुहिम फाउंडेशन के संस्थापक ऋषिकेश ने कहा कि विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों से सीखने का अवसर मिलना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्न पूछे और विषय को बेहतर तरीके से समझा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur