डेढ़ साल से बकाया भुगतान का आरोप,30 मार्च तक समाधान नहीं हुआ तो तालाबंदी की चेतावनी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 मार्च 2026 (घटती-घटना)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग में भुगतान नहीं मिलने से परेशान ठेकेदारों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ठेकेदार रजनीकांत ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 30 मार्च को विभागीय कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। इधर, जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रहे अन्य ठेकेदारों ने भी शनिवार को विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ठेकेदारों ने कार्यालय के सामने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ साल से किए गए कार्यों का भुगतान लंबित है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ठेकेदारों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा अनुबंध के नियमों में लगातार फेरबदल किया जा रहा है, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। ठेकेदार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 30 मार्च तक भुगतान को लेकर ठोस पहल नहीं की गई, तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
भुगतान एक वर्ष से लंबित : ठेकेदार रजनीकांत ने 27 मार्च को दिए गए पत्र में बताया कि जल जीवन मिशन के तहत करीब 65 लाख रुपए के कार्य किए गए, लेकिन अब तक केवल 22 लाख रुपए का ही भुगतान हुआ है। शेष राशि एक वर्ष से लंबित है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर देयक तैयार करने में कमीशन मांगने, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए हैं।
विभाग को नोटिस : मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur