Breaking News

सूरजपुर@ खाद-बीज की कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार,प्रभारी सचिव ने दिया सख्त निर्देश

Share


सूरजपुर,27 मार्च 2026(घटती-घटना)।
जिले में आगामी खरीफ सीजन को लेकर तैयारियों को गति देने और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कृषि समीक्षा बैठक आयोजित की गई,बैठक की अध्यक्षता प्रभारी सचिव सी.आर.प्रसन्ना ने की,जिसमें प्रशासन और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया,बैठक में कलेक्टर एस.जयवर्धन, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेन्द्र शर्मा,एसडीएम अजय मोडि़यम तथा उपसंचालक कृषि सम्पदा पैकरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उर्वरक भंडारण और खरीफ तैयारी पर फोकस
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने पिछले वर्षों में उर्वरकों की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की, अधिकारियों से वर्तमान खाद भंडारण की अद्यतन जानकारी ली गई और आगामी खरीफ सीजन 2026-27 के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया गया, उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में पर्याप्त मात्रा में रासायनिक उर्वरकों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े, साथ ही रैक पॉइंट से आवंटित खाद का समय पर जिले तक पहुंचना और उसका व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, प्रभारी सचिव ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और किसानों को केवल प्रमाणित एवं मानक खाद-बीज ही उपलब्ध कराया जाए।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रुख
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण पहलू खाद-बीज की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक को लेकर रहा,प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उन्होंने कहा कि समितियों में भंडारण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए,खाद एवं बीज निरीक्षक दुकानों और समितियों का लगातार निरीक्षण करें,जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाए उन्होंने दो टूक कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों का हित सुरक्षित रह सके।
पात्र किसानों को ही मिले लाभ
प्रभारी सचिव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि खाद और बीज का वितरण पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत हो, केवल पात्र किसानों को ही इन संसाधनों का लाभ मिले,इसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए,उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वितरण प्रणाली को इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि किसी भी किसान को भटकना न पड़े और समय पर सामग्री उपलब्ध हो सके।
योजनाबद्ध रणनीति से होगा क्रियान्वयन
बैठक में यह भी तय किया गया कि खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर विभागीय स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाएगा,हर स्तर पर निगरानी और जवाबदेही तय की जाएगी,ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके,प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जमीनी स्तर पर जाकर स्थिति का आकलन करें और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लें।
किसानों के हित में सख्त और सक्रिय प्रशासन
यह समीक्षा बैठक इस बात का संकेत है कि प्रशासन आगामी खरीफ सीजन को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई के संकेत से किसानों में भरोसा बढ़ेगा, प्रशासन की यह पहल न केवल कृषि व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि किसानों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराकर उत्पादन बढ़ाने में भी सहायक साबित होगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@15 वर्षों से जर्जर पड़ी शिकारी रोड की नाली, रहवासियों ने फिर उठाई आवाज

Share नगर निगम आयुक्त से लगाई गुहार, निरीक्षण के निर्देश; बारिश में जलभराव से बढ़ी …

Leave a Reply