घर तोड़ने की कार्रवाई पर भड़कीं शशि सिंह,24 घंटे में समाधान नहीं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
-संवाददाता-
प्रतापपुर,27 मार्च 2026 (घटती-घटना)। भटगांव कोल क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर-जगरनाथपुर स्थित महान-3 खदान में एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने खदान के मुख्य द्वार का घेराव कर दिया,जिससे पूरे दिन खदान का संचालन पूरी तरह ठप रहा।
यह प्रदर्शन दो दिन पूर्व हुई उस घटना के विरोध में और उग्र हो गया,जिसमें एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कांग्रेस के एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पैतृक घर को ढहा दिया गया था। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। मौके पर पहुंचीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के घर तोड़ना अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ‘यह सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि एक परिवार की भावनाओं और गरिमा को तोड़ा गया है। एसईसीएल प्रबंधन की इस कार्रवाई का जवाब अब जनआंदोलन से दिया जाएगा।‘उन्होंने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शशि सिंह ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन चक्का जाम में बदल जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ‘एसईसीएल प्रबंधन होश में आओ’के नारों से पूरा खदान परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी से आंदोलन ने
व्यापक रूप ले लिया,जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आया। इस दौरान पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह,जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता,विद्यासागर सिंह,नवीन जायसवाल,त्रिभुवन सिंह, संजीव श्रीवास्तव,सुरेश अयाम,डी.राम, अविनाश साहू,गोल्डी खान,राजू अयाम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी सतर्क नजर आया और पूरे क्षेत्र में नजर बनाए रखा गया। हालांकि देर शाम तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ पाया था। यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर तूल पकड़ता जा रहा है। आने वाले समय में प्रशासन और प्रबंधन इस पर क्या निर्णय लेते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur