Breaking News

भैयाथान@ चलित पशुचिकित्सा इकाई ने बचाई बैल की जान

Share

जटिल ऑपरेशन कर निकाला संक्रमित सींग
भैयाथान 26 मार्च 2026। (घटती-घटना)।
विकासखंड भैयाथान के ग्राम कुसमुसी में चलित पशुचिकित्सा इकाई की तत्परता और कुशलता से एक गंभीर रूप से बीमार बैल की जान बचा ली गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमुसी निवासी पशुपालक बिजेंद्र पैकरा का बैल पिछले लगभग एक महीने से हॉर्न कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीडि़त था। बैल असहनीय दर्द से गुजर रहा था और उसके सींग से लगातार रक्तस्राव हो रहा था। कई बार सामान्य उपचार कराने के बावजूद उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा था, जिससे पशुपालक काफी चिंतित और परेशान था। इसी दौरान उसे पशु हेल्पलाइन 1962 की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने तुरंत संपर्क किया। सूचना मिलते ही एमवीयू भैयाथान की टीम मौके पर पहुंची और बैल की गंभीर स्थिति का निरीक्षण किया। सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने साहस और विशेषज्ञता का परिचय देते हुए एक जटिल सर्जरी कर संक्रमित सींग को सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद बैल की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया और अब वह स्वस्थ होने की ओर अग्रसर है। पशुपालक बिजेंद्र पैकरा ने समय पर पहुंचकर उनके पशु का जीवन बचाने के लिए एमवीयू टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस सफल सर्जरी में डॉ. चंद्रकांत सिंह, डॉ. मंजूर आलम, डॉ. मुकेश सिंह, खुशबु देवांग, सूरज कुमार एवं पायलट राजेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Share

Check Also

सूरजपुर@ सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…गांजा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा,7 आरोपी गिरफ्तार

Share सूरजपुर,26 मार्च 2026 (घटती-घटना)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के …

Leave a Reply