वसुधा महिला मंच का आयोजन, रीता अग्रवाल को वसुधा सम्मान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर, २6 मार्च 2026 (घटती-घटना)। नवरात्रि के अवसर पर वसुधा महिला मंच द्वारा गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर में पंचमी के दिन देवी जसगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पिछले दो दशकों से आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम शहर की महिला भजन मंडलियों को प्रोत्साहित करने का मंच बना हुआ है। इस दौरान डॉ. पुष्पा सोनी ने बताया कि सभी की सहभागिता से यह आयोजन पिछले 20 वर्षों से लगातार सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इसके बाद गणेश वंदना और देवी जसगीत की प्रस्तुति दी गई, जिसमें जया तिवारी, वंदना दत्ता, सरिता सिंह, अनुभा डबराल, आशा थोराट, तनुश्री मिश्रा, रीता अग्रवाल और अन्य सदस्यों ने सहभागिता निभाई। कीर्तन मंडली गौरी मंदिर, दुर्गा शक्ति मंच, साईं मंदिर गांधी नगर, महाकालेश्वर मंदिर, पटपरिया और नमना कला की मंडलियों ने देवी गीतों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। कार्यक्रम का संचालन वंदना दत्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन तनुश्री मिश्रा ने किया।
रीता अग्रवाल को वसुधा सम्मान
समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रीता अग्रवाल को वसुधा सम्मान से नवाजा गया। साथ ही सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं तीज उत्सव के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
अंगदान के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए महिलाओं को इसके लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत भी शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए शहर को स्वच्छ बनाने और अंगदान के लिए आगे आने की अपील की।
नवरात्रि पर कहार समाज की महिलाओं ने कराया कन्या भोज

नवरात्रि के पावन अवसर पर अम्बिकापुर के महिला कहार समाज की महिलाओं द्वारा स्थानीय गंगापुर में स्थित नई दिशा छात्रावास में कन्या भोज का आयोजन किया गया। जिसमें कन्या छात्रावास की समस्त 100 बालिकाओं को पूरे विधि विधान और सम्मान से कन्या भोज में कन्या पूजन कर भोज पकवान प्रदान कर देश और समाज के उन्नति और तरक्की हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला कहार समाज की सक्रिय सदस्य भूतपूर्व पार्षद संध्या रवानी, सामाजिक कार्यकर्ता साधना कश्यप, आराध्या कश्यप, सुषमा कश्यप, मोनिका कश्यप, सुभद्रा कश्यप, सृष्टि कश्यप, ललिता कश्यप, संध्या सिंह, जूली कश्यप, रेखा कश्यप, पुष्पा कश्यप, अर्चना कश्यप, किरण कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur