Breaking News

अम्बिकापुर@मांड व मैनी नदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई,22 वाहन जब्त

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 मार्च 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए मांड एवं मैनी नदी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। समाचार पत्र में प्रकाशित ‘मांड व मैनी नदी का सीना छलनी, खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन’ शीर्षक समाचार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए 24 मार्च 2026 को सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बतौली एवं सीतापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम केसला,भिठुआ,राधापुर,मंगरैलगढ़,नवाटोली,काराबेल एवं प्रतापगढ़ में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में कुल 22 वाहनों को जब्त किया गया, जिसमें रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 14 ट्रैक्टर एवं 01 हाईवा तथा गिट्टी एवं ईंट के अवैध परिवहन में संलिप्त 06 हाईवा एवं 01 टीपर शामिल हैं। जब्त सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सीतापुर, बतौली एवं रघुनाथपुर थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। खनिज अधिकारी श्री अनिल कुमार साहू ने बताया कि प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(4), 21(5) एवं 23 के अंतर्गत कठोर अर्थदंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन,परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस सफल कार्रवाई में खनिज अधिकारी श्री अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में खनिज विभाग से श्री सुरेश सिंह ठाकुर (सुपरवाइजर),श्री पंकज कुमार,श्री मंजीत मांझी,श्री राजेश कुमार,नगर सैनिकों एवं राजस्व विभाग के अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply