Breaking News

अम्बिकापुर@मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी,युवक के सिर से निकला 1 किलो का सिस्ट

Share


अम्बिकापुर,25 मार्च 2026 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में डॉक्टरों ने एक युवक के सिर से करीब 1 किलो वजनी डर्मोइड सिस्ट का सफल ऑपरेशन किया है। डॉक्टरों के अनुसार इतने बड़े आकार का सिस्ट दुर्लभ मामलों में ही देखने को मिलता है। जानकारी के मुताबिक दरिमा क्षेत्र के ग्राम करजी निवासी अनिल कुमार (24) के सिर में लंबे समय से सूजन बढ़ रही थी। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां 6 मार्च को भर्ती कर जांच की गई। जांच में सिर में तेजी से बढ़ रहा डर्मोइड सिस्ट पाया गया। करीब एक सप्ताह तक जांच और तैयारी के बाद 11 मार्च को जनरल एनेस्थीसिया में सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान लगभग 15 बाई 15 सेंटीमीटर का सिस्ट निकाला गया,जो त्वचा और रक्त वाहिकाओं से चिपका हुआ था। डॉक्टरों ने इसे सावधानीपूर्वक कैप्सूल सहित पूरी तरह निकाल दिया। ऑपरेशन डॉ. आरसी आर्या के मार्गदर्शन में शल्य चिकित्सा विभाग की टीम में शामिल डॉ. पीआर शिवहरे,डॉ. अभिजीत एस. दीवान एसोसिएट प्रोफेसर,डॉ. शुभम बंसल असिस्टेंट प्रोफेसर, डॉ. अनीश पांडे सीनियर रेजिडेंट एवं डॉ. श्वेता कलवानी पीजी रेजिडेंट ने किया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. राकेश निगम विभागाध्यक्ष, डॉ. दिव्यानंद मिश्रा,डॉ. हर्षा एवं डॉ. अभिजीत त्रिपाठी शामिल रहे। ऑपरेशन के बाद मरीज को निगरानी में रखा गया और स्थिति सामान्य होने पर 17 मार्च को छुट्टी दे दी गई। डॉ. पीआर शिवहरे ने बताया कि सिस्ट को पूरी तरह निकालने से इसके दोबारा होने की संभावना बेहद कम रहती है। मरीज का कॉस्मेटिक परिणाम भी संतोषजनक है।
क्या है डर्मोइड सिस्ट : डर्मोइड सिस्ट एक जन्मजात गांठ होती है,जिसमें बाल व त्वचा संबंधी तत्व पाए जाते हैं। यह अधिकतर सिर और गर्दन में बनती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह बड़ा रूप ले सकती है, जिसका एकमात्र प्रभावी इलाज सर्जरी है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply