-संवाददाता-
सूरजपुर,24 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर एनएसयूआई जिला सूरजपुर ने अपनी आवाज तेज कर दी है। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने प्रदेशभर में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाते हुए कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
आकाश साहू ने बताया कि वर्तमान में छात्र कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनमें बढ़ती फीस,छात्रवृत्ति में देरी, परीक्षा परिणामों में अनियमितता और महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी प्रमुख हैं, इन समस्याओं के समाधान के लिए छात्रसंघ का होना बेहद जरूरी है, लेकिन चुनाव न होने से छात्रों के पास अपनी बात रखने का प्रभावी मंच नहीं बचा है,उन्होंने कहा कि छात्रसंघ केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि छात्रों का अधिकार और उनकी आवाज है,इसके माध्यम से छात्र अपनी समस्याएं संगठित रूप से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं, चुने हुए प्रतिनिधि कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन से सीधे संवाद कर छात्रों के हितों की रक्षा करते हैं,इसके अभाव में छात्र बिखरे रहते हैं और उनकी आवाज कमजोर पड़ जाती है, पत्रकार वार्ता में यह भी बताया गया कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं के नेतृत्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है,इससे छात्रों में निर्णय लेने की क्षमता,जिम्मेदारी निभाने की समझ और टीमवर्क की भावना विकसित होती है,साथ ही यह लोकतंत्र की पहली पाठशाला है,जहां छात्र मतदान,चुनाव प्रक्रिया और प्रतिनिधित्व की समझ हासिल करते हैं, एनएसयूआई ने यह भी कहा कि छात्रसंघ की मौजूदगी से कॉलेज प्रशासन में जवाबदेही बढ़ती है। छात्र प्रतिनिधि प्रशासन के निर्णयों पर नजर रखते हैं और गलत नीतियों का विरोध करते हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और छात्रों के हितों की रक्षा होती है, आकाश साहू ने बताया कि यह मांग केवल सूरजपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर आवाज उठ रही है। छात्रों में इस मुद्दे को लेकर व्यापक असंतोष है और वे अपने अधिकारों की वापसी चाहते हैं,अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए,तो एनएसयूआई चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा,जिसमें धरना-प्रदर्शन और अन्य विरोध कार्यक्रम शामिल होंगे,पत्रकार वार्ता में मुस्तफा खान, अफरोज़ अंसारी, शिवम साहू, धर्मेन्द्र साहू, ओमप्रकाश कुशवाहा,संदीप कुशवाहा, आकाश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur