संगठन सृजन अभियान के तहत 14 दिन से सरगुजा में डटे,गैस,नक्सलवाद और हिरण मौत मामले पर सरकार को घेरा
अम्बिकापुर,24 मार्च 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार ‘भगवान भरोसे’ चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अफीम की खेती को सरकारी संरक्षण मिल रहा है, वहीं नकली शराब और सूखे नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है। मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बैज ने यह बातें कहीं। वे संगठन सृजन अभियान के तहत पिछले 14 दिनों से सरगुजा संभाग में लगातार दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कई स्थानों पर बूथ गठन कर संगठन को मजबूत किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।बैज ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अफीम खेती में भाजपा के नेता सीधे तौर पर शामिल हैं। इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और डॉ. प्रीतसाय सिंह समेत अन्य नेता मौजूद थे। बैज ने रसोई गैस के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री खुद अपनी गाडिय़ों में गैस सिलेंडर लेकर चलते हैं और रेस्ट हाउस में खाना बनवाकर वापस ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आम लोगों की गैस को लेकर परेशानी और बढ़ सकती है।
नक्सलवाद खत्म होना अच्छी बात, पर चुनौतियां बरकरार : नक्सलवाद के मुद्दे पर बैज ने कहा कि इसका समाप्त होना स्वागतयोग्य है, लेकिन बस्तर में इससे जुड़ी चुनौतियां खत्म नहीं होंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार गारंटी दे सकती है कि 31 मार्च के बाद किसी आदिवासी को नक्सली बताकर प्रताडि़त नहीं किया जाएगा और जल-जंगल-जमीन निजी हाथों में नहीं सौंपी जाएगी।
हिरणों की मौत को बताया ‘बीमार सिस्टम’ का नतीजा
अंबिकापुर के संजय पार्क में हिरणों की मौत पर बैज ने कहा कि यह सामान्य घटना नहीं, बल्कि ‘बीमार सिस्टम’ का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेस्क्यू सेंटर के नाम पर जानवरों को पार्क में रखा गया,जिससे उनकी सुरक्षा प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले में सिर्फ निचले स्तर पर कार्रवाई कर खानापूर्ति की गई है,जबकि बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur