Breaking News

अम्बिकापुर@संजय पार्क में आवारा कुत्तों का हमला,15 हिरणों की मौत

Share


फेंसिंग टूटी,रात में घुसे श्वान;लापरवाही पर 5 कर्मचारी निलंबित


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 मार्च 2026 (घटती-घटना)। शहर के संजय पार्क में वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार तडके करीब 3 से 4 बजे के बीच जंगल की ओर से आए आवारा कुत्ते पार्क परिसर में घुस गए और फेंसिंग के अंदर मौजूद हिरणों पर हमला कर दिया। इस हमले में 15 हिरणों की मौत हो गई।शनिवार सुबह जब पार्क कर्मचारियों ने निरीक्षण किया, तो 14 हिरण मृत अवस्था में पड़े मिले, जबकि एक गंभीर रूप से घायल था। सभी के शरीर पर कुत्तों के हमले के गहरे निशान पाए गए। घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्क की बाउंड्री का तार एक जगह से पहले से टूटा हुआ था। इसी रास्ते से कुत्ते अंदर घुसे और घटना को अंजाम दिया।
पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा तैयार कर वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अजीत पांडेय व डॉ. शौरी की टीम ने सभी मृत हिरणों का पोस्टमार्टम किया। जांच के लिए सैंपल और विसरा सुरक्षित रखा गया। इसके बाद सभी हिरणों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
कई प्रजातियों के हिरण मरे
मृत हिरणों में 5 मादा चीतल,1 नर चीतल, 5 मादा कोटरा,1 नर कोटरा और 3 नर चौसिंघा शामिल हैं।
लापरवाही पर 5 कर्मचारी सस्पेंड
जांच में रात्रिकालीन ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। उप वनक्षेत्रपाल अशोक सिन्हा, वनपाल ममता परते,वनपाल प्रतीमा लकड़ा,वनपाल बिंदू सिंह और वनरक्षक फुलमनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अब सिर्फ 16 हिरण शेष
डीएफओ के अनुसार,पहले पार्क में 31 हिरण थे,लेकिन इस घटना के बाद अब संख्या घटकर 16 रह गई है।
सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
वन विभाग ने पूरे पार्क को सैनिटाइज करने,फेंसिंग की मरम्मत कराने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं,ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply