तकनीकी शिक्षा में समय प्रबंधन और नवाचार को लेकर विद्यार्थियों को किया प्रेरित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मार्च 2026 (घटती-घटना)। वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में स्क्रीन टाइम टू टेक्निकल टाइम इन टेक्निकल एजुकेशन विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद रामनिधि यादव ने वंदे मातरम् का मधुर गायन प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री अनंत सोनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर मंत्री सत्येन्द्र मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संस्था के प्राचार्य डॉ. राम नारायण खरे ने किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में स्क्रीन का उपयोग बढ़ा है, लेकिन इसका सही दिशा में उपयोग कर इसे तकनीकी ज्ञान और विकास का माध्यम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित स्क्रीन टाइम समय और उत्पादकता को प्रभावित करता है,जबकि इसका संतुलित उपयोग विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बना सकता है। कार्यक्रम के दौरान सूरज पटेल ने देश मेरे गीत की प्रस्तुति दी। विशिष्ट अतिथि सत्येन्द्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए कहा कि सही दिशा में तकनीक का उपयोग उन्हें बेहतर इंजीनियर और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बना सकता है। मुख्य अतिथि अनंत सोनी ने समय प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को तकनीक के माध्यम से नवाचार, स्टार्टअप और नए विचारों की ओर बढऩे के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने तकनीकी शिक्षा के साथ देशभक्ति और संस्कृति के समन्वय पर भी बल दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का शॉल,श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन सहायक प्राध्यापक महीधर दुबे ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूनम दीवान ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur