Breaking News

अम्बिकापुर@आदिवासियों की पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप,ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Share


भाजपा अजजा मोर्चा के नेतृत्व में नरकालो और चोड़ेया के ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 मार्च 2026 (घटती-घटना)। लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नरकालो और चोड़ेया के आदिवासी ग्रामीणों ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कलेक्टर सरगुजा को शिकायत पत्र सौंपा है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की। भाजपा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी लाल पैकरा ने बताया कि नरकालो और चोड़ेया गांव के निवासी विशेष पिछड़ी अनुसूचित जनजाति से हैं, जो कई पीढिय़ों से अपनी पुश्तैनी जमीन पर निवास करते आ रहे हैं। उनका जीवनयापन,संस्कृति और धार्मिक आस्था पूरी तरह जल,जंगल और जमीन पर निर्भर है। यह क्षेत्र भी पांचवीं अनुसूची में शामिल है,जहां आदिवासी भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष संवैधानिक प्रावधान लागू हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों से बिहार के नवादा सहित अन्य क्षेत्रों से आए कुछ लोगों द्वारा गांव की आदिवासी जमीन पर जबरन मकान निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है और बिना वैधानिक अधिकार के स्थायी रूप से बसावट की जा रही है।
कई ग्रामीणों की जमीन पर कब्जे का आरोप : पैकरा ने बताया कि नरकालो निवासी बदलू की करीब एक एकड़ जमीन पर कब्जा किया गया है। इसी तरह गिरीश की लगभग 87 डिसमिल जमीन,बसंती कंवर की करीब डेढ़ एकड़ भूमि और घूरऊ कंवर की जमीन पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया है। वहीं ग्राम चोड़ेया में भी कुछ ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई है।
विरोध करने पर दी जाती है धमकी : अजजा मोर्चा के महामंत्री रविकांत उरांव ने कहा कि जब आदिवासी ग्रामीण इसका विरोध करते हैं तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है और मारपीट की धमकी दी जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर और अशिक्षित होने के कारण ग्रामीण अपने अधिकारों की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन पर हो रहे कब्जों से उनकी कृषि भूमि कम होती जा रही है, जिससे आजीविका प्रभावित हो रही है। साथ ही गांव की सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply