Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अम्बिकापुर@फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव का आरोप,झिरमिट्टी में शराब दुकान खोलने का ग्रामीणों ने किया विरोध

Share


सरपंच समेत ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत,कहा…बिना सहमति के खोली जा रही दुकान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत झिरमिट्टी में प्रस्तावित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सरपंच सहित ग्रामीणों ने फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव बनाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर सरगुजा से शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खोलने के लिए ग्राम पंचायत से कोई सहमति नहीं ली गई है। आरोप है कि सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर कर ग्राम सभा का प्रस्ताव पारित दिखाया गया है, जबकि इस संबंध में न तो सरपंच को जानकारी है और न ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई थी। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे गांव में शराब दुकान नहीं खुलने देंगे। उनका कहना है कि शराब दुकान खुलने से गांव का माहौल खराब हो सकता है और बच्चों के भविष्य पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। साथ ही असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने से गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। वहीं पूरे मामले में जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि शासकीय शराब दुकान खोलने का प्रस्ताव करीब एक वर्ष पहले पारित हुआ था। उस समय किसी भी ग्रामीण की ओर से कोई आपत्ति या विरोध दर्ज नहीं कराया गया था। अब जब दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, तब ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। यदि ग्राम सभा प्रस्ताव में किसी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया नियमानुसार बताई जा रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा संभाग में ‘आकार-2026’ का आयोजन

Share उदयपुर और लखनपुर में 8 से 14 जून तक चलेगा पारंपरिक शिल्प एवं कला …

Leave a Reply