शादी में शामिल होने आया था युवक,शराब पीने के दौरान हुआ विवाद,एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य की तलाश…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 मार्च 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोतका जमतीपारा में एक युवक ने अपने ही दोस्त की टांगी और डंडे से मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब डेढ़ किलोमीटर दूर दो फीट पानी से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पड़ोस में शादी का कार्यक्रम होने के कारण रात में किसी को घटना की भनक नहीं लगी। जानकारी के अनुसार मृतक शीतल (22) निवासी हनुमानगढ़, थाना उदयपुर रविवार रात शादी समारोह में शामिल होने पोतका जमतीपारा गया था। यहां उसका दोस्त प्रमोद गोड़ (22) रहता है। रात में प्रमोद ने शीतल को अपने घर बुलाया, जहां दोनों ने बैठकर शराब पी। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रमोद ने टांगी और डंडे से हमला कर शीतल की हत्या कर दी।
डेढ़ किमी दूर डबरी में फेंका शव : हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ले जाकर दो फीट पानी से भरी डबरी में फेंक दिया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने डबरी के पास खून से सनी बोरी और मोबाइल पड़ा देखा,जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पंप लगाकर खाली कराया पानी
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को निकालने के लिए डबरी का पानी पंप लगाकर खाली कराया गया। इसके बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक आरोपी
गिरफ्तार,अन्य पर संदेह
पुलिस ने मामले में आरोपी प्रमोद गोड़ को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या की इस वारदात में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, क्योंकि एक व्यक्ति के लिए शव को डेढ़ किलोमीटर दूर ले जाकर फेंकना संभव नहीं माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur