Breaking News

अम्बिकापुर@नमनाकला में 7.5 लाख लीटर क्षमता की नई पानी टंकी का भूमि पूजन

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मार्च 2026 (घटती-घटना)। नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 14 नमनाकला में 7.5 लाख लीटर क्षमता की उच्च स्तरीय जलागार पानी टंकी के निर्माण कार्य का गुरुवार को भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और एमआईसी सदस्यों ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस जलागार के निर्माण के लिए अधोसंरचना मद से 92.74 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं टंकी में पानी भरने के लिए राइजिंग मेन पाइपलाइन विस्तार कार्य हेतु मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 41.23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य का कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। जलागार निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 और 47 के निवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इन वार्डों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी रहती थी। नई टंकी बनने से क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार नियमित जलापूर्ति हो सकेगी। वार्ड 14 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अनीता रविंद्र गुप्ता भारती ने बताया कि क्षेत्र में छोटी टंकी होने के कारण पानी की आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो पाती थी, खासकर गर्मियों में लोगों को परेशानी होती थी। बढ़ती आबादी और वार्ड के विस्तार को देखते हुए उच्च क्षमता की टंकी की आवश्यकता थी। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने से अब इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य ममता तिवारी,श्वेता गुप्ता,प्रियंका गुप्ता,पार्षद मनोज गुप्ता,किरण दीपक सिंह तोमर,अनिल तिवारी,आकाश गुप्ता, संतोष दास,अभिषेक शर्मा,अवधेश सोनकर,विकास गुप्ता, जल विभाग के प्रभारी प्रशांत खुल्लर,अभियंता सतीश रवि,विभागीय अधिकारी-कर्मचारी,ठेकेदार और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply