Breaking News

अम्बिकापुर@कुसमी में 3.67 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश

Share


प्रशासन व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई,4.75 करोड़ की अफीम जब्त,7 आरोपी गिरफ्तार

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मार्च 2026 (घटती-घटना)। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसराडांड़ में बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की अवैध खेती का पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 3.67 एकड़ भूमि में लगी अफीम की फसल को उखाडकर जब्त किया गया। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई गई है। मामले में जमीन मालिकों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 10 मार्च को कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि त्रिपुरी क्षेत्र में कुछ लोग चोरी-छिपे अफीम की खेती कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद एसडीओपी आशीष कुंजाम, थाना प्रभारी विरासत कुजूर, एसएफएल टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खेत में अफीम के पौधे लगे मिले और कुछ लोग वहां फसल की रखवाली करते पाए गए। टीम ने मौके से दो डिब्बों में भरा अफीम का लासा (गोंद) और चार बड़े व एक छोटे बोरे में रखे सूखे फल भी बरामद किए।
43 क्विंटल से अधिक फसल जब्त : संयुक्त टीम ने खेत में लगे अफीम के पौधों को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित उखाडकर तौल किया। कुल वजन 4,344.569 किलोग्राम यानी 43 क्विंटल से अधिक पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार के वित्तीय लिंक और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार : गिरफ्तार आरोपियों में बलरामपुर जिले के ग्राम त्रिपुरी सरनाटोली निवासी रूपदेव राम भगत (50), ग्राम माचाडीपा त्रिपुरी निवासी कौशिल भगत (30), बिहार के गया जिले के सोमया बाराचट्टी निवासी मनोज कुमार (24) और उपेन्द्र कुमार (27) शामिल हैं। इसके अलावा जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के भगचंद निवासी जिरमल मुण्डा (56), झारखंड के कोलवा जोरी निवासी विन्देश्वर (45) तथा जशपुर जिले के कुराग निवासी कृष्णा सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
अवैध खेती पर सख्ती जारी
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजस्व,पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अफीम या अन्य मादक पदार्थों की खेती की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply