Breaking News

अम्बिकापुर@सहकारी बैंक में पैसे की कमी पर किसानों का प्रदर्शन,लखनपुर थाने का घेराव

Share

  • धान बोनस की राशि निकालने पहुंचे किसानों को नहीं
  • मिला पैसा,अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मार्च 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश सरकार द्वारा त्योहारों के मद्देनजर किसानों के खातों में धान खरीदी बोनस की राशि जमा किए जाने के बाद बैंकों में पैसे निकालने के लिए किसानों की लंबी कतार लग रही है। लेकिन स्टाफ की कमी और नकदी के अभाव के कारण किसानों को राशि नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज किसानों ने गुरुवार को लखनपुर में प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव कर दिया। मामला जिला सहकारी बैंक शाखा लखनपुर का है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से बैंक में पर्याप्त नकदी नहीं होने के कारण किसानों को केवल 10 हजार रुपये तक ही भुगतान किया जा रहा था। कई किसानों को यह राशि भी नहीं मिल पाई और उन्हें बिना पैसे के ही लौटना पड़ा। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक में नकदी खत्म होने और सीमित राशि देने की बात से नाराज किसानों का आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान बैंक से रैली के रूप में निकलकर लखनपुर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर बैंक से राशि दिलाने की मांग की। सूचना मिलने पर तहसीलदार अंकिता पटेल थाना प्रभारी के साथ सहकारी बैंक पहुंचीं और अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों की समझाइश के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
रिश्वत लेकर अधिक भुगतान कराने का आरोप : किसानों ने आरोप लगाया कि उनके खातों में 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक की राशि जमा है, लेकिन बैंक कर्मचारी नकदी नहीं होने की बात कहकर 20, 10, 5 या 2 हजार रुपये के निकासी फॉर्म भरवाते हैं। कई बार किसानों का नंबर आने तक पैसा खत्म हो जाता है और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग अंदर जाकर 500 रुपये देते हैं, उन्हें 49 हजार रुपये तक की निकासी करवा दी जाती है।
चक्का जाम की चेतावनी : किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर धान बोनस की राशि निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे सडक पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन,प्रशासन और बैंक प्रबंधन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply