
-संवाददाता-
सूरजपुर,11 मार्च 2026 (घटती-घटना)। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया गया, इस पूरी प्रक्रिया में सूरजपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है,जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से अंतिम प्रकाशन के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष एक भी अपील प्राप्त नहीं हुई,जिस पर भारत निर्वाचन आयोग ने जिले की सराहना की है।
पारदर्शी और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन- मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद इसे सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, साथ ही आम नागरिकों के अवलोकन के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों एवं सूरजपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया, कैटेगरी-सी (लॉजिकल डिस्कि्रपेंसीज) के अंतर्गत जिन मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए थे, उनकी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से विधिवत सुनवाई की गई। इस प्रक्रिया में अपात्र पाए गए मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से विलोपित किए गए, साथ ही जिन मतदाताओं को इस कार्यवाही से आपत्ति थी, उन्हें लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 24(क) तथा मतदाता पंजीकरण नियम 1960 के नियम 27 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 15 दिनों के भीतर अपील प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया गया था।
‘कोई पात्र मतदाता न छूटे,कोई अपात्र न जुड़े’ रहा मूल उद्देश्य
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में संपूर्ण पुनरीक्षण प्रक्रिया इस उद्देश्य के साथ संचालित की गई कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो, इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया गया।
राजनीतिक दलों और नागरिकों की सराहनीय भागीदारी
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,दावा-आपत्ति अवधि के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आयोजित साप्ताहिक बैठकों और जिला निर्वाचन कार्यालय में आयोजित बैठकों में राजनीतिक दलों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों से शून्य अपील
जिले के 04-प्रेमनगर, 05-भटगांव और 06-प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्रों से मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष एक भी अपील प्राप्त नहीं हुई,यह इस बात का प्रमाण है कि संपूर्ण पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शिता,निष्पक्षता और विधिसम्मत तरीके से संपन्न हुई,इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर भारत निर्वाचन आयोग ने सूरजपुर जिले के कार्यों की सराहना की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur