Breaking News

अम्बिकापुर@पत्नी की डंडे से मारकर हत्या,आरोपी पति गिरफ्तार

Share


घरेलू विवाद के दौरान वारदात,लुंड्रा थाना क्षेत्र के कुदर झेरी लोंगरी गांव की घटना

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 मार्च 2026 (घटती-घटना)। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदर झेरी लोंगरी में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी की डंडे से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था,जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार 8 मार्च को ग्राम सरपंच के माध्यम से सूचना मिली कि गांव निवासी दशमल कोरवा ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और फरार हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के ससुर बोदो राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा बेटा दशमल कोरवा अलग रहता है। पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसने करीब एक साल पहले ग्राम सखौली नवापारा की प्रियंका को दूसरी पत्नी के रूप में घर लाया था। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि 7 मार्च की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दोनों के बीच झगड़े की आवाज सुनाई दी थी। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर परिवार वालों ने जाकर देखा।
कमरे में प्रियंका जमीन पर पड़ी थी और उसके सिर पर चोट के निशान थे। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जबकि आरोपी घर से फरार था। ूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया और मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूला अपराध : डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर लुंड्रा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा (35) निवासी कुदर झेरी लोंगरी को पकडकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि खाना बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था।
गुस्से में आकर उसने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लुंड्रा निरीक्षक प्रदीप कुमार जायसवाल, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply