-संवाददाता-
जशपुर,10 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सरकार द्वारा कानून लाए जाने और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जागरूकता के तमाम प्रयासों के बावजूद छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास की जड़ें आज भी गहराई तक हैं। आए दिन जादू-टोना और अंधविश्वास के चलते हिंसक घटनाएं घट रही हैं। ऐसा ही एक मामला आदिवासी बाहुल्य जिला जशपुर में सामने आया,जहां जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने महिला के साथ क्रूरता की हद पार करते हुए लकड़ी के डंडे से गंभीर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतिका के पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ की है। मृतिका की पहचान गोईदी बाई (48 वर्ष) के रूप में हुई है। 6 मार्च को मृतिका के भाई सहलू राम ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बहन घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
लगाया जादू-टोने का आरोप
डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत कठोर और भोंथरी वस्तु से गंभीर चोट पहुंचने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान सामने आया कि 5 मार्च को मृतिका और उसकी सौतन फुला बाई के बीच विवाद हुआ था। बाद में मृतिका को बहला-फुसलाकर एक झोपड़ी में ले जाया गया, जहां चारों आरोपियों ने उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया।
कू्ररता से की मारपीट
इसी शक में आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और क्रूर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और ऊपर से कंबल ढंक दिया ताकि मामला सामान्य मौत जैसा लगे। पुलिस ने जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में ठूपन राम (45), फुला बाई (48), सुनील राम (23) और सुरन्ती बाई (22) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur