जंगल किनारे लहलहा रही थी फसल,डोडों में चीरा लगाकर अफीम निकालने की थी तैयारी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव के सरनाटोली इलाके में करीब ४ एकड़ जमीन पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी। खेत गांव से दूर जंगल किनारे स्थित है,जहां फसल पूरी तरह तैयार हालत में मिली। पुलिस के अनुसार अफीम के डोडों में चीरा लगाया जा चुका था और उससे अफीम निकालने की तैयारी चल रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सूखे डोडे बरामद किए,जिनमें खसखस भरे हुए थे। सूचना मिलने पर मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध खेती को नष्ट करने की कार्रवाई की।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना : स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें खेत में अफीम की खेती होने की जानकारी तो थी, लेकिन यह अवैध है इसकी जानकारी नहीं थी। हाल ही में दुर्ग जिले में अफीम की खेती पर हुई कार्रवाई के बाद उन्हें इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
झारखंड सीमा से लगा है इलाका
पुलिस के मुताबिक जिस जगह अफीम की खेती की जा रही थी वह इलाका झारखंड सीमा से लगा हुआ है। आशंका है कि बाहरी लोगों ने ग्रामीणों की जमीन किराये पर लेकर यह खेती कराई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों की तलाश जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur