-संवाददाता-
अम्बिकापुर, 09 मार्च 2026 (घटती-घटना)। सेक्टर 2,दत्ता कॉलोनी स्थित इस्कॉन प्रचार केंद्र में श्री गौर पूर्णिमा का महोत्सव अत्यंत भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। श्री चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य उत्सव के इस अवसर पर आयोजित विविध धार्मिक अनुष्ठानों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गौर-निताई के दिव्य महा-अभिषेक से हुई,जहाँ ब्रह्मा संहिता के शक्तिशाली मंत्रोच्चार के बीच भगवान का पंचामृत- दूध, दही, घी आदि,ताजे फलों के रसों, औषधियों और 108 पवित्र तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया। केंद्र के प्रभारी श्रीमान दयानिधि प्रभु और सह-प्रभारी श्रीमान हिरण्यगर्भ प्रभु के सानिध्य में संपन्न हुए इस अभिषेक दर्शन हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उत्सव के दौरान भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु की विशेष आरती उतारी गई। साथ ही, वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए विदेशों में निवास कर रहे भक्तों की रक्षा और संपूर्ण विश्व में सुख-शांति की स्थापना हेतु भगवान नृसिंह देव की विशेष आरती एवं स्तुति की गई। प्रार्थना के इन क्षणों में सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से मंगल कामना की।
शास्त्रीय भजनों और फूलों की होली का अद्भुत संगम : महोत्सव का मुख्य आकर्षण शास्त्रीय संगीत में कुशल गायिका हिमानी त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत भजन रहे। उन्होंने अपनी सुमधुर आवाज में जब ‘वृंदावन’ और कृष्ण महिमा के भजनों की प्रस्तुति दी, तो पूरा केंद्र आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। विशेष रूप से वृंदावन पर केंद्रित उनके भजनों और सुमधुर हरिनाम संकीर्तन पर भक्तगण भावविभोर होकर पूरे समय नृत्य करते रहे। हरिनाम के मधुर ऊर्जावान संकीर्तन के बीच एक क्विंटल विभिन्न प्रकार के सुगंधित पुष्पों से भगवान का पुष्प अभिषेक किया गया, जिसके बाद ‘फूलों की होली’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति भक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया।
नारी शक्ति का सम्मान और 56 भोग अर्पण : चूँकि रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस भी है, इस्कॉन केंद्र द्वारा इस पुनीत अवसर पर केंद्र से जुड़ी समस्त ‘नारी शक्ति’ को हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं और समाज व भक्ति मार्ग में उनके योगदान की सराहना की गई। इस उत्सव की एक और विशेषता रही इस्कॉन केंद्र से जुड़ी भक्त माताओं द्वारा तैयार किया गया ‘56 भोग’,जिसे बड़े ही चाव और श्रद्धा के साथ महाप्रभु को अर्पित किया गया।
हरिनाम संकीर्तन ही कलियुग का आधार : केंद्र प्रभारी दयानिधि प्रभु ने अपने प्रवचन में गौरांग महाप्रभु के अवतार और कलियुग में हरिनाम की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज इस्कॉन दुनिया के कोने-कोने में गीता और हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। कार्यक्रम के अंत में इस्कॉन के भक्तों द्वारा देवीगंज रोड स्थित दुर्गा बड़ी के समीप ‘फूड फॉर लाइफ’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में आम जनों के बीच कृष्ण प्रसादम का वितरण किया गया। इस महोत्सव में मुख्य रूप से नगर निगम पार्षद मनोज गुप्ता, नीलिमा गोयल, शिवेश सिंह बाबू, हेमंत गोयल, राजकीर्ति जायसवाल, एसडी दुबे, राकेश पांडेय, कैलाश देवांगन, अमित देशमुख, सुशील गोयल, शार्दुल विक्रम सहित बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur